
भीषण गर्मी के चलते मैदानी इलाकों के अलावा पहाड़ भी तप रहे हैं। इस बीच, उत्तराखंड में टिहरी जिला मुख्यालय से सटे बुदोगी गांव के पास जंगलों में आग लग गई है। आग की ऊंची-ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही हैं। यह आग शुक्रवार दोपहर से लगी है। वन विभाग की तरफ से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।टिहरी के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि कई घंटों के प्रयास के बावजूद अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। आग ऐसी जगह पर लगी है जहां मानव आबादी नहीं रहती है। यह जंगल करीब 14 हेक्टेयर इलाके में फैला हुआ है।
जंगल में आग लगने की वजह से ऊपरी नई टिहरी शहर में पूरा वातावरण धुंआ धुंआ हो गया है। इसकी वजह से लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यह आग बुडोगी, डाईर के ऊपर बसे चवालखेत गांव और बसंत विहार की आवासीय कॉलोनी तक पहुंच गई।आग के बेकाबू होने और ग्रामीणों की लगातार शिकायत के बाद जिला प्रशासन की नींद खुली। शानिवार शाम चार बजे वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही अग्निशमन विभाग की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वन विभाग और अग्निशमन विभाग टीमें अभी तक आग पर काबू नहीं पा पाई हैं।



