
अभी तक गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी को लेकर उपभोक्ता परेशान थे, लेकिन शनिवार को तो शहर विधायक शिव अरोरा भी अछूते नहीं रहे।उनकी पत्नी के नाम से बिना बुकिंग के ही सिलिंडर डिलीबर कर दिया गया। यह पर्दाफाश तब हुआ जब विधायक की पत्नी ने बुकिंग कराई, पता चला कि उनके नाम से तो सिलिंडर डिलीबर भी हो गया है। यह बात सुन विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने एजेंसी पर पहुंचकर अधिकारियों को बुलाया आैर एजेंसी संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।शहर विधायक शिव अरोरा की पत्नी सीमा अरोरा के नाम से भूरारानी स्थित दुआ इंडेन एजेंसी में गैस कनेक्शन है। आरोप है कि 18 मार्च को एजेंसी द्वारा उनके कनेक्शन से गैस बुकिंग कर दी गई और उसी दिन डिलीवरी का संदेश भी भेज दिया गया, जबकि परिवार की ओर से कोई बुकिंग नहीं कराई गई थी।
जब इस बारे में विधायक को जानकारी मिली तो वह सीधे दुआ गैस एजेंसी पहुंचे। विधायक अरोरा ने एजेंसी स्वामी को कड़ी फटकार लगाई और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और सरकार लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि गरीब का चूल्हा न बुझे। उन्होंने तहसीलदार दिनेश कुटौला और सप्लाई इंस्पेक्टर मलकीत सिंह को मौके पर बुलाकर एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, लाइसेंस निलंबित करने और प्राथमिकी पंजीकृत कराने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि रुद्रपुर में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



