
18 से 50 सप्ताह का कठिन प्रशिक्षण लेने के बाद 132 सहायक सेनानी और एक महिला उपसेनानी देश सेवा की शपथ लेने के बाद आइटीबीपी बल की मुख्यधारा में शामिल हुए।आइटीबीपी अकादमी, मसूरी के परेड मैदान में आयोजित दीक्षा एवं शपथ ग्रहण समारोह में इन नवदीक्षित अधिकारियों की दीक्षा परेड का मुख्य अतिथि सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली।
आइटीबीपी अकादमी के निदेशक आइजी जीसी उपाध्याय के अनुसार, आधार प्रशिक्षण में इन नवनियुक्त अधिकारियों को युद्धकौशल, शस्त्र संचालन, शारीरिक प्रशिक्षण, सूचना, मानचित्र अध्ययन, सैन्य प्रशासन, न्याय व मानव अधिकार जैसे सैन्य एवं पुलिस संबंधी विषयों का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
पासआउट हुए अधिकारी 21 राज्यों एवं तीन केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को मुख्य अतिथि जस्टिस सूर्यकांत ने पुरस्कृत किया।



