
इस वीकेंड पर सरोवर नगरी में सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिली। तीन दिन में 25 हजार से सैलानियों ने नगर की सैर की। पिछले दो दिन खराब ट्रैफिक को लेकर जाम अधिक रहा तो रविवार काफी हद तक यातायात व्यवस्था दुरुस्त देखने को मिली।नगर में सैलानियों का बड़ी संख्या में पहुंचना शुक्रवार से शुरू हो गया था, जो रविवार तक जारी रहा। शुक्र और शनिवार को सैलानियों की आमद 20 हजार से अधिक रही तो रविवार को पांच हजार सैलानी नगर भ्रमण पर पहुंचे। बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने से नगर की रंगत बरकरार है।
बड़ी संख्या में पहुंचे सैलानी
स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल, केव गार्डन, और चिड़ियाघर में अधिक सैलानी पहुंचे, जबकि मालरोड की रौनक भी बनी रही और नौका विहार करने वाले सैलानियों का तांता पूरे दिन रहा। इधर नगर के समीपवर्ती पर्यटन स्थलों में भी बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हुए हैं, जिसके चलते भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, भवाली, मुक्तेश्वर और कैंची धाम गुलजार रहे।


